मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शनिवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

शनिवार को केदारनाथ धाम निरीक्षण के लिए पहुंचे मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बने बेली ब्रिज का अवलोकन किया। पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी। साथ ही आस्था पथ पर बनाए गए रेन शेल्टरों का निरीक्षण कर वहां एलईडी साइनेज लगाने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी मिल सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि कतार में खड़े यात्रियों को ठंड से राहत देने के लिए गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मंदिर परिसर से लेकर आस्था पथ तक स्वच्छता की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम को निर्देश दिए कि सभी कॉटेजों की मरम्मत और सफाई कार्य समय से पूर्ण किया जाए।

पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित

इसके अतिरिक्त, सीएस ने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव जैसे प्रमुख स्थलों का भी निरीक्षण किया और वहां भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा व विश्राम सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। जिलाधिकारी  सौरभ गहरवार ने जानकारी दी कि यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। पैदल मार्ग, ठहराव, स्वास्थ्य सेवाएं, संचार और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष कार्य भी यात्रा प्रारंभ होने से पहले पूर्ण कर लिए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। नियमित चेकिंग, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें भी अलर्ट रहेंगी, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

पिछला लेख Uttarakhand: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने राहुल गांधी को हिंदू धर्म से किया बहिष्कृत
अगला लेख COWIN Certificate: कोविड वैक्सीन सर्टिफिकेट से हटाई गई पीएम मोदी की तस्वीर, पढ़ें
or

For faster login or register use your social account.

Connect with Facebook
Dankaram Ads